गोण्डा। मोतीगंज-कहोबा मार्ग पर मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 60 वर्षीय साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार सुमेरीपुर गांव निवासी सत्यनारायण तिवारी 60 वर्ष मंगलवार शाम करीब 4 बजे साइकिल से कहोबा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सत्यनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

