करनैलगंज-गोण्डा । सोशल मीडिया के लिए रील बनाना एक 16 वर्षीय छात्र को भारी पड़ गया। बुधवार शाम कटरा घाट स्थित सरयू नदी में नहाने और रील बनाने के दौरान किशोर गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व टीम और गोताखोर मौके पर पहुंच गए तथा देर शाम तक तलाश अभियान जारी रहा।
बालपुर चौकी क्षेत्र के अंजनी तिवारी का पुत्र निशांत तिवारी (16), जो अपने मामा के घर रहकर कक्षा 11 में पढ़ाई करता था, चार दोस्तों के साथ बाइक से कटरा घाट गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर क्षेत्राधिकारी अभिषेक दावाच्या, प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र प्रताप राय, राजस्व निरीक्षक राम बहादुर पाण्डेय, लेखपाल विकास सिंह सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी घाट पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि किशोर की तलाश जारी है।

