-अभ्यर्थी ने की डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग।
गोण्डा। विकासखंड नवाबगंज की ग्राम पंचायत मैनपुर के निवासी एवं पंचायत सहायक भर्ती के अभ्यर्थी अजय उपाध्याय ने पंचायत सहायक भर्ती प्रक्रिया में गंभीरअनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी गोंडा को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अजय उपाध्याय ने दी शिकायत पत्र मे बताया है कि भर्ती संबंधी सूचना एवं विज्ञापन का समुचित प्रकाशन नहीं किया गया, जिससे कई पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन करने का अवसर नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से नहीं कराई गई।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की उपेक्षा कर कम अंक प्राप्त अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिससे भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि चयन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर पक्षपातपूर्ण ढंग से कार्य किया गया।
अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि चयन प्रक्रिया से संबंधित सभी अभिलेखों एवं मेरिट सूची की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता की पुष्टि होती है तो दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पूरी भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर नियमानुसार पुनः संपन्न कराया जाए।

