गोण्डा। वजीरगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर घाट गांव में शनिवार को एक युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आजाद सिंह (38) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आजाद सिंह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व गांव की एक युवती को अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों ने विवाह कर लिया था। शनिवार को वह अपने पैतृक गांव दुर्जनपुर घाट आया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच में जुटी है।
थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

