नवाबगंज-गोण्डा। गोंडा-अयोध्या हाईवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छः माह की मासूम समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।जबकि कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गौरिया गांव निवासी सुरेश यादव (30) अपनी पत्नी पप्पी यादव, तीन वर्षीय बेटी कीर्ति, शिल्पी देवी पत्नी राजितराम तथा छह माह की काव्या को बाइक से इलाज के लिए गोंडा रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे। परसापुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां सभी का उपचार चल रहा है।थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

