-विभाग की छापेमारी में खुली चोरी।
करनैलगंज-गोण्डा। बिजली चोरी रोकथाम अभियान के तहत तहसील मोड़-कटरा रोड स्थित बाला जी बेकर्स पर विद्युत विभाग की छापेमारी में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया। जांच में दुकान पर सीधे बिजली पोल से केबल जोड़कर अवैध रूप से विद्युत आपूर्ति लेकर व्यवसाय संचालित किया जाना पाया गया। विभाग ने आरोपी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र करनैलगंज के अवर अभियंता अमित कुमार यादव के नेतृत्व में विभागीय टीम अभियान के तहत जांच कर रही थी। टीम में विभांश कुमार सिंह, अशोक कुमार, अभिषेक कुमार तथा राजस्व वसूली टीम के सदस्य शामिल थे। जांच के दौरान तहसील मोड़-कटरा रोड स्थित बाला जी बेकर्स पर छापा मारा गया। अधिकारियों के अनुसार जांच में दुकान के प्रोपराइटर राहुल शर्मा निवासी गौरवा खुर्द द्वारा बिजली के पोल से सीधे केबल जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जाना मिला। मौके पर करीब 5.930 किलोवाट का अवैध विद्युत भार संचालित पाया गया। आरोपी कोई वैध बिजली कनेक्शन अथवा संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। विभागीय टीम ने मौके पर ही चेकिंग रिपोर्ट तैयार की और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई। लाइन स्टाफ की कमी के कारण तत्काल अवैध केबल नहीं हटाई जा सकी, हालांकि संबंधित अवर अभियंता को अवैध कनेक्शन तत्काल विच्छेदित कराने के निर्देश दिए गए हैं। अवर अभियंता अमित कुमार यादव ने बिजली चोरी निरोधक थाने के प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। विभाग ने साक्ष्य के रूप में चेकिंग रिपोर्ट और कार्रवाई की वीडियोग्राफी की सीडी भी पुलिस को उपलब्ध करा दी है।

