गोण्डा। धानेपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग और मारपीट हो गई। घटना गोंडा-उतरौला मार्ग स्थित ठाकुरदास पुरवा गांव के पास हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
घटना में 22 वर्षीय राहुल ओझा की दाहिनी आंख में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष के अमित और सुनील पासवान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज गोंडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही 102 एंबुलेंस मुजेहना के पायलट शुभम श्रीवास्तव एवं इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन सीमा वर्मा, साथ ही 108 एंबुलेंस के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन राजू जायसवाल और पायलट फूलचंद यादव तत्काल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए सुरक्षित गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। गंभीर घायल राहुल ओझा को समय पर अस्पताल पहुंचाने और उपचार शुरू कराने में एंबुलेंस टीम की अहम भूमिका रही।
राहुल ओझा ने आरोप लगाया कि वह डीजल लेकर जा रहे थे, तभी विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई गई। वहीं, दूसरे पक्ष के सुनील पासवान का आरोप है कि पहले उनका पीछा किया गया, जिसके बाद फायरिंग और लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना पर सीओ सदर अभिषेक दावच्या और धानेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सीओ सदर अभिषेक दावच्या ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश और आपसी कहासुनी का है। सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

