-'जीरो टॉलरेंस' का सख्त संदेश, फरियादियों की सुनवाई में लापरवाही पर नहीं मिलेगी ढील।
गोण्डा। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शनिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक निरीक्षक समेत 15 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया। रात 12:25 बजे जारी तबादला सूची को पुलिस महकमे में सख्त प्रशासनिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
तबादलों के तहत निरीक्षक राजकुमार यादव को अपराध शाखा से हटाकर प्रभारी न्यायालय सुरक्षा बनाया गया है। वहीं, कटरा बाजार थाना क्षेत्र की हलधरमऊ चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम गुप्ता को धानेपुर थाना भेजा गया है। उनकी जगह तरबगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक सौरभ कुमार सिंह को हलधरमऊ चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक असगर अली को उमरी बेगमगंज, प्रमोद कुमार सिंह को इटियाथोक, सौरभ वर्मा को खोड़ारे, कमलेश सिंह को मनकापुर, वीरेंद्र यादव को छपिया, रवि प्रकाश यादव को कौड़िया, जय राम सिंह को वजीरगंज, उमा शंकर यादव को न्यायालय सुरक्षा, शंकर कुमार को छपिया, आशीष यादव को कर्नलगंज तथा महेंद्र प्रताप को छपिया थाना तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर कार्यालय को अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत पुलिसिंग होगी। थाने और चौकी पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए, दोनों पक्षों को बुलाकर निष्पक्ष सुनवाई की जाए तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी पक्ष को अनावश्यक आरोप लगाने का अवसर न मिले।
आधी रात हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

