गोण्डा। छपिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक कृषि बीज की दुकान पर बैठे 17 वर्षीय किशोर पर कथित रूप से ब्लेड से जानलेवा हमला किए जाने की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हमले में किशोर के गले पर गहरा घाव हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, छपिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत माडा के राजस्व गांव महमूदपुर निवासी अभिताष शुक्ला उर्फ अनिल शुक्ला का 17 वर्षीय पुत्र सोनल शुक्ला बुधवार सुबह करीब 9:45 बजे छपिया स्थित अपनी कृषि बीज की दुकान पर बैठा था। आरोप है कि गांव का ही अश्विनी पाण्डेय उर्फ लल्लन पाण्डेय वहां पहुंचा, गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और दाढ़ी बनाने वाली ब्लेड (अस्तुरा) से उसके गले पर वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, यदि वार कुछ और गहरा होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
पीड़ित के पिता अभिताष शुक्ला ने आरोपी के विरुद्ध छपिया थाने में नामजद तहरीर देकर जानलेवा हमले की कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व दोनों युवकों के बीच रास्ते को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह हमला हुआ। वहीं कुछ ग्रामीण आरोपी को नशे का आदी भी बता रहे हैं।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां से छपिया थाना महज लगभग 100 मीटर की दूरी पर है, इसके बावजूद पुलिस समय रहते मौके पर नहीं पहुंच सकी। लगातार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
उधर, थाना प्रभारी प्रबोध कुमार का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत होता है। पुलिस ने फिलहाल मारपीट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, गंभीर चोट और गले पर हुए हमले के बावजूद अपेक्षाकृत हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपी के विरुद्ध आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

