-छोटे बेटों ने पुलिस से लगाई गुहार।
गोण्डा। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम बुढ़वलिया महीपतगंज से एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। गांव निवासी विपिन गुप्ता ने पुलिस को ऑनलाइन प्रार्थना पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि उनके बड़े भाई ने धन के लालच में उनकी वृद्ध मां को अपने मकान की दूसरी मंजिल पर नजरबंद कर रखा है और उन्हें किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा।
प्रार्थना पत्र में विपिन गुप्ता ने बताया कि वह तीन भाई हैं। उनका आरोप है कि वह अपने छोटे भाई पुनीत गुप्ता के साथ कई बार मां से मिलने बड़े भाई के घर गए, लेकिन बड़े भाई, भाभी और भतीजे ने उन्हें मां से मिलने नहीं दिया। उनका कहना है कि उनकी मां की तबीयत ठीक नहीं है और उचित इलाज व देखभाल के अभाव में उनकी जान को खतरा हो सकता है। पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि उनकी मां को कथित नजरबंदी से मुक्त कराकर किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर लाया जाए, ताकि वह और उनका छोटा भाई स्वतंत्र रूप से उनसे मिल सकें तथा मां बिना किसी दबाव के अपनी बात बता सकें। साथ ही अपने दिए प्रार्थना पत्र में यह भी कहा है कि यदि इलाज के अभाव या अन्य कारणों से उनकी मां की मृत्यु होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उनके बड़े भाई, भाभी और भतीजे की होगी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऑनलाइन प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और आरोप सही पाए जाते हैं तो मामले की जांच कराकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

