गोण्डा । उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत राज सफाई कर्मचारी संघ की नवगठित कार्यकारिणी का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विदेश राज्य मंत्री व गोण्डा सांसद के प्रतिनिधि राजेश सिंह, रामशंकर मिश्रा एवं सौरभ सिंह ने नवगठित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि ग्राम पंचायतों में कार्यरत सफाई कर्मचारी ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा तथा उनकी जायज मांगों को संबंधित अधिकारियों एवं शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी किसी भी समस्या की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत राज सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का लंबित वेतन समय से भुगतान कराया जाए, प्रोन्नति की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए तथा पुरानी पेंशन योजना की बहाली सहित कर्मचारियों के हितों से जुड़े सभी मुद्दों का समाधान सरकार एवं प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का भी त्वरित एवं संवेदनशील तरीके से निराकरण होना चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संगठन की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि संगठन उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
कार्यक्रम में जिला संरक्षक संतराम वर्मा, जिला महामंत्री विनय शुक्ल, संगठन मंत्री दर्शन यादव, कोषाध्यक्ष फौजदार गौतम, रमेश शुक्ला, नंदकुमार, आशाराम यादव, विजय वर्मा, अमृतलाल सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

