गोण्डा। कर्नलगंज -कटरा मार्ग पर वर्षों से जाम का झाम झेल रहे लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कर्नलगंज-कटरा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 280 पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना से क्षेत्र के हजारों राहगीरों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
बलरामपुर तक जाने वाले हजारों लोगों को होगा फायदा
यह मार्ग कटरा बाजार, कौड़िया, खरगूपुर होते हुए बलरामपुर को जोड़ता है। रेलवे फाटक बंद होने पर यहां अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं, जिससे यात्रियों, स्थानीय व्यापारियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ओवरब्रिज के निर्माण से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से स्थायी निजात मिलेगी। यह पुल करनैलगंज और कटरा बाजार क्षेत्र को जोड़ने के साथ-साथ बलरामपुर जाने के लिए भी एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिससे आवागमन अधिक सुगम हो जाएगा।
रेलवे पीआरओ ने की पुष्टि
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि कटरा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।
स्थानीय निवासियों के अनुसार ओवरब्रिज बनने से फाटक बंद होने पर लगने वाला जाम काफी हद तक समाप्त हो जाएगा। इससे समय की बचत होगी और करनैलगंज से कटरा बाजार, कौड़िया, खरगूपुर तथा बलरामपुर की ओर आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
अब हुजूरपुर क्रॉसिंग पर भी नजर
कटरा रोड रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माण शुरू होने के बाद अब लोगों की निगाहें हुजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 282 पर भी हैं। यहां भी ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और रेलवे द्वारा इसका रूट चार्ट व प्रारंभिक नक्शा तैयार किया जा रहा है।

