गोण्डा। शहर के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय सभागार में संयुक्त शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल राकेश कुमार के निर्देशानुसार देवीपाटन मंडल के अंतर्गत गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती के भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बैठक को संपन्न कराने हेतु लखनऊ से प्रादेशिक संगठन कमिश्नर उत्तर प्रदेश एवं नोडल अधिकारी देवीपाटन मंडल रविंद्र सोखी का स्वागत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्याअमिता पांडे एवं जिला सचिव गोंडा मेजर डॉक्टर राजेश द्विवेदी प्रधानाचार्य ने किया। नोडल अधिकारी द्वारा चारों जनपद के मुख्य आयुक्त एवं जिला सचिवों द्वारा स्काउट और गाइड में अद्यतन किए हुए कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा की जिसमें वर्ष 2025- 26 में जनपदों में आयोजित संगठनात्मक एवं प्रशिक्षणातमक कार्यक्रमों की जानकारी ली। बेसिक विद्यालयों,माध्यमिक विद्यालयों, सीबीएसई विद्यालयों, महाविद्यालय एवं डाइट में संचालित यूनिटो का पंजीकरण, वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियां, बेसिक विभाग एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में नवीनीकरण एवं प्रगतिशील प्रशिक्षण की स्थिति, स्काउट गाइड में किए गए एडवेंचर कार्यक्रम सहित बीएड एवं डीएलएड संस्थाओं के प्रशिक्षकों द्वारा अनिवार्य स्काउट गाइड प्रशिक्षण की स्थिति पर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। नोडल अधिकारी द्वारा स्काउट गाइड कार्यालय एवं जनपद के रिकॉर्ड रखरखाव के साथ मंडलीय रैली के आयोजन पर जोर देते हुए ऑडिट रिपोर्ट एवं बजट के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त किया। सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त देवीपाटन मंडल कुसुम वर्मा ने पूरे मंडल की रिपोर्ट नोडल अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। नोडल अधिकारी एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल को इस आयोजन के लिए कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्रधानाचार्या अमिता पांडे ने धन्यवाद ज्ञापित किया एवं संपूर्ण लक्ष्य प्राप्त करने का आश्वासन भी दिया। जिला संगठन कमिश्नर ज्ञानेश गुप्ता ने आए हुए सभी पदाधिकारीगण का स्कार्फ एवं बैज लगाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष सुभाष जायसवाल, जिला स्काउट कमिश्नर धर्मवीर सिंह, जिला गाइड कमिश्नर सुनीता रानी, महाविद्यालय से नीलम छाबड़ा, बेसिक विभाग से राजेंश मिश्रा ने देवीपाटन मंडल के स्काउट और गाइड को एक नया आयाम देने की बात कही।

