-गांव में मिला शव, पुलिस बता रही 6 किमी दूर हाईवे का हादसा, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल।
गोण्डा। जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामपुर में 13 अगस्त को प्रिंस शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस की जांच सवालों के घेरे में है। पुलिस इसे लोलपुर एनएच-27 पर हुआ सड़क हादसा बता रही है, जबकि परिजनों का दावा है कि प्रिंस का शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर गांव के संपर्क मार्ग के किनारे साढ़े तीन बजे मिला था। पुलिस घटना का समय करीब पांच बजे बता रही है। ऐसे में शव मिलने की जगह और समय को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
परिजनों का सवाल है कि यदि प्रिंस हाईवे पर हादसे में घायल हुआ था तो उसके साथ मौजूद दोनों युवक उसे अस्पताल क्यों नहीं ले गए? घटनास्थल से श्रीराम अस्पताल करीब 4 और मेडिकल कॉलेज ट्रॉमा सेंटर करीब 5 किलोमीटर दूर है। इसके बावजूद उसे इलाज नहीं मिला। रात करीब 10 बजे से प्रिंस की मां दोनों युवकों को फोन करती रहीं, लेकिन फोन नहीं उठाया गया।
परिजनों ने पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पूर्व प्रधान विनोद सिंह ने भी मामले को दुर्घटना बताने में जल्दबाजी का आरोप लगाया और स्कार्पियो की जांच की मांग की। परिवार का दावा है कि प्रिंस की हत्या हुई है। सवाल यह भी है कि यदि हादसा था तो मोटरसाइकिल पर खरोंच तक क्यों नहीं है? अब जांच में इन सवालों के जवाब जरूरी हैं।

