गोण्डा। थाना कटरा बाजार क्षेत्र के असरना ग्रामसभा के तिवारी पुरवा निवासी अनिल के तीन वर्षीय पुत्र अंश की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को ही अंश ने अपना तीसरा जन्मदिन मनाया था। परिवार के लोगों ने उसका जन्मदिन धूमधाम से मनाया था, लेकिन अगले ही दिन घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
रविवार दोपहर बाद अंश घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. आलोक पांडेय ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता अनिल अपने कलेजे के टुकड़े को सीने से लगाकर बिलखते रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जन्मदिन के अगले ही दिन हुई मासूम की मौत से गांव में भी मातम छा गया। बालक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

