गोण्डा । सावन मास के पावन अवसर पर गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत बुधवार से होगी। कार्यक्रम के शुभारंभ पर शिव ध्वज के साथ बाबा भोलेनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा चौक बाजार गोलागंज स्थित तिवारी बाबा मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए बाबा दुखहरण नाथ मंदिर होते हुए शोभायात्रा कथा स्थल गोनार्द लॉन पर पहुंचकर समाप्त होगी।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान संतोष सोनी ने बताया कि 20 अगस्त से 27 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 6 से 9 बजे तक सवा लाख पार्थिव पूजन एवं रुद्राभिषेक का आयोजन होगा। वहीं शाम 7 से रात 10 बजे तक शिव महापुराण कथा का आयोजन रविशंकर जी महाराज गुरु भाई के सानिध्य में किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को तिवारी बाबा मंदिर में बैठक हुई। इसमें आयोजन की व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में संतोष कुमार सोनी,कैलाशनाथ गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी संदीप मेहरोत्रा, दीपक मराठा, राकेश कसौधन, शिव शंकर सोनी, शिवकुमार सोनी, देवेंद्र सोनी, रवि सोनी, अमित सोनी, संजय रस्तोगी,राहुल शर्मा, सूर्य प्रकाश सोनी, दीपेंद्र मिश्रा, विपुल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

