-अयोध्या के सोहावल मे लेखपाल उत्कर्ष दीप को फर्जी एण्टी करप्शन टीम द्वारा फंसाए जाने के विरोध में धरना देंगे लेखपाल।
गोण्डा । अयोध्या के सोहावल तहसील मे पंचायत भवन में कार्यरत लेखपाल उत्कर्ष दीप के कार्य में व्यस्त रहने के दौरान कास्तकार द्वारा फाइल में रुपए रखकर जाने के तुरंत बाद एण्टी करप्शन टीम के आने और फाइल में से रुपए निकालकर जबरदस्ती अभद्रता करते हुए लेखपाल के हाथ में देने और उसकी फोटो ग्राफी करके फंसाने के मामले को लेकर प्रदेश के लेखपालों में रोष व्याप्त है।इसी क्रम में गोण्डा लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ द्विवेदी और जिला मंत्री दीपक त्रिपाठी ने शनिवार को होने वाले समाधान दिवस का बहिष्कार करने के साथ साथ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है। सिद्धार्थ द्विवेदी ने कहा कि लेखपाल संघ भ्रष्टाचार के सख्त खिलाफ हैं परन्तु गलत एवं अनुचित ट्रैप की कार्रवाई को भी कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि लेखपाल ग्रामीण क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियो ं में शासन की योजनाओ एवं राजस्व संबंधी दायित्वों का निर्वहन करते हैं ऐसे में किसी निर्दोष कर्मचारी के विरुद्ध गलत अथवा सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई से उसका सेवाकाल, सामाजिक प्रतिष्ठा एवं पारिवारिक जीवन गंभीर रूप से प्रभावित होता है। संगठन भ्रष्टाचार के विरुद्ध निष्पक्ष एवं वैधानिक कार्रवाई का समर्थन करता है, किंतु नियमविरुद्ध एवं अनुचित कार्रवाई किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नही है। जनपद अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल साथी उत्कर्ष दीप के साथ हुई घटना अत्यंत गंभीर है। उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के अवलोकन से प्रथम दृष्टया रिश्वत की मांग किए जाने का कोई स्पष्ट तथ्य प्रतीत नही होता। अतः उक्त प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराते हुए उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई को समाप्त कराने तथा दोषी एण्टी करप्शन के अधिकारियों/कर्मचारियो के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की मांग लेखपाल संघ ने किया है।

