गोण्डा। छपिया थाना क्षेत्र में लूट, चोरी समेत विभिन्न आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश में एसओजी गोंडा ने गत रविवार को बभनान क्षेत्र में डेरा डाल दिया। एसओजी टीम दो-तीन संदिग्ध आरोपियों को लेकर बभनान पहुंची, जहां उनकी निशानदेही पर छपिया और खोड़ारे पुलिस की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
पुलिस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा रहा। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटनाओं से जुड़े अन्य लोगों और खासकर मुख्य अभियुक्त तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। कई संभावित ठिकानों पर दबिश के बावजूद खबर लिखे जाने तक मुख्य आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी भी बभनान पहुंचे और एसओजी व स्थानीय पुलिस टीम से कार्रवाई की जानकारी ली। छपिया, खोड़ारे और परसपुर पुलिस के साथ एसओजी की टीमें मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी और घटनाओं के खुलासे में जुटी हुई हैं।
पुलिस की लगातार दबिश से माना जा रहा है कि लूट व चोरी की घटनाओं से जुड़े गिरोह के संबंध में जल्द बड़ा खुलासा हो सकता है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर आरोपियों की पहचान, बरामदगी अथवा कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया है।

