गोण्डा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के दत्ते जानकी पुरवा (चंगेरिया) गांव निवासी एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि 5 जुलाई की सुबह गांव निवासी राजू और पुत्तीलाल उसके घर पहुंचे तथा उसके पुत्र पर रुपये चोरी करने का आरोप लगाने लगे। विरोध करने पर दोनों ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। आरोप है कि दोनों ने उसके पुत्र देवा के साथ मारपीट भी की, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के बाद पीड़िता अपने पुत्र के उपचार में व्यस्त रही और बाद में पुलिस को लिखित शिकायत दी।
थाना करनैलगंज प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि प्राप्त तहरीर की जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

