करनैलगंज-गोण्डा। कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गढ़वार गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट और घर में घुसकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित शुभम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 जून की शाम वह पेट्रोल भरवाने के लिए रामबरन की दुकान पर गया था। आरोप है कि वहां आयुष प्रताप सिंह पुत्र राजबख्श सिंह ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव होने पर मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ देर बाद शुभम प्रताप उर्फ शुभम सिंह, तुषार प्रताप सिंह, अभय प्रताप, सोमेश प्रताप तथा जयनेन्द्र प्रताप, सभी निवासी मोहम्मदपुर गढ़वार, कथित तौर पर उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया तथा उसके आगे के दो दांत टूट गए। शोरगुल सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

