गोण्डा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के भोका डीहा गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। मामले में पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी मुसब्बर अली की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 27 जून की शाम करीब तीन बजे उनका भतीजा गोलू गांव में मौजूद था। इसी दौरान बच्चों के विवाद को लेकर तोडू, अमीर अली, खुर्शीद, मौसम, बल्लन, रुकसार, बाऊर, मोहरम अली, नानबाबू और मज्जम ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे मुसब्बर अली के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि उनकी मां राबिया के साथ भी हाथापाई की गई। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर 10 नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

