करनैलगंज-गोण्डा। तहसील क्षेत्र के परसपुर विकासखंड के ग्राम अंदुपुर निवासी धनश्याम श्रीवास्तव ने उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा को शिकायती पत्र देकर चकमार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि उनके खेत से सटा चकमार्ग संख्या 320 लंबे समय से अवैध कब्जे की चपेट में है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि देवीपाटन मंडल के आयुक्त के निर्देश पर तीन जून को राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में चकमार्ग का सीमांकन कराया गया था तथा मौके पर खूंटे गाड़े गए थे। आरोप है कि बाद में कुछ लोगों ने सीमांकन के निशान और खूंटे हटा दिए तथा विरोध करने पर अभद्रता करते हुए धमकी भी दी।
पीड़ित ने उपजिलाधिकारी से चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

