-खोड़ारे व छपिया पुलिस की लगातार दबिश, एएसपी व सीओ की निगरानी में चल रहा सर्च ऑपरेशन।
गोण्डा। बभनान चीनी मिल में चोरी के आरोप में पकड़ा गया और बाद में छपिया थाने से फरार हुआ किशोर दूसरे दिन भी पुलिस की गिरफ्त से दूर रहा। लगातार दबिश और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी के बावजूद आरोपी का पता न लग पाना पुलिस की कार्यप्रणाली और थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात बभनान चीनी मिल परिसर में बिजली के तार और लोहे की चकरी चोरी करते समय सुरक्षा गार्ड ने तीन लोगों को देखा था। दो आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि एक किशोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सुरक्षा गार्ड की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर किशोर को छपिया थाने में रखा गया था।
रविवार सुबह किशोर पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गया। थाने से हिरासत में रखा गया आरोपी किस परिस्थिति में भाग निकला, इसे लेकर पुलिस की सतर्कता पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश में कई टीमें गठित की गईं।
सोमवार को छपिया और खोड़ारे थाना पुलिस ने संभावित ठिकानों तथा रिश्तेदारों के यहां दिनभर दबिश दी, लेकिन देर शाम तक पुलिस के हाथ खाली रहे। पूरे अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी मनकापुर कर रहे हैं, जबकि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल भी पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि फरार किशोर की तलाश लगातार जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, नाबालिग आरोपी के थाने से फरार होने के मामले में उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह की तहरीर पर अलग से मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पुलिस हिरासत से ही आरोपी फरार हो गया और दूसरे दिन भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो थानों की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही पर उठ रहे सवालों का जवाब कौन देगा।

