धानेपुर-गोण्डा। थाना धानेपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरिया अलावल स्थित बग्गी रोड के पास सरयू नहर खंड-4 में उत्तर प्रदेश पुलिस की बहादुरी और मानवता का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। यहां एक मंदबुद्धि अज्ञात युवक नहर के तेज बहाव में बहता हुआ मौत से जूझ रहा था। युवक लगातार डूबता-उतराता जा रहा था और उसकी जान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। घटना को देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल थाना धानेपुर के प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव को दी गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बिना किसी देरी के हल्का क्षेत्र में तैनात हेड कांस्टेबल पवन यादव को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंचकर हेड कांस्टेबल पवन यादव ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना तेज बहाव वाली सरयू नहर में छलांग लगा दी। काफी संघर्ष और जोखिम उठाने के बाद उन्होंने बहते हुए युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मौके पर मौजूद कई ग्रामीण तमाशबीन बने रहे और डूबते युवक को बचाने के लिए कोई भी नहर में उतरने का साहस नहीं जुटा सका।
नहर से बाहर निकालने के बाद युवक की हालत गंभीर थी, जिसके चलते उसे तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि पुलिस कुछ मिनट और देर से पहुंचती, तो युवक को बचा पाना संभव नहीं होता। हेड कांस्टेबल पवन यादव की सूझबूझ, साहस और त्वरित कार्रवाई ने एक अनमोल जीवन बचा लिया।
घटना के बाद क्षेत्र में हेड कांस्टेबल पवन यादव और थाना धानेपुर पुलिस की कार्यशैली की व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव के त्वरित निर्देश और हेड कांस्टेबल पवन यादव की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे पुलिसकर्मी वर्दी की गरिमा और पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को बढ़ाते हैं। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि उत्तर प्रदेश पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में मानव जीवन की रक्षा के लिए भी पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती है।

