-एसपी विनीत जायसवाल ने कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने को क्षेत्राधिकारियों के कार्यक्षेत्र में किया फेरबदल।
गोण्डा। जनपद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। पुलिस उपाधीक्षक योगेंद्र सिंह के जनपद में आगमन और क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा के कन्नौज स्थानांतरण के बाद यह बदलाव किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार अभिषेक दावच्या, आईपीएस को क्षेत्राधिकारी सदर का दायित्व सौंपा गया है। वे अब तक क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज के पद पर तैनात थे। वहीं योगेंद्र सिंह, पीपीएस को क्षेत्राधिकारी नगर और आनंद कुमार राय, पीपीएस को क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज बनाया गया है।
एसपी ने नव-तैनात सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता दें। थानों का नियमित भ्रमण कर लंबित विवेचनाओं को जल्द निपटाया जाए।
बढ़ते अपराधों के चलते फेरबदल
सूत्रों के मुताबिक, हाल के दिनों में जनपद में कुछ जगहों पर आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी और बेहतर समन्वय की जरूरत को देखते हुए यह प्रशासनिक बदलाव किया गया है। नए सीओ के आने से कर्नलगंज क्षेत्र की जनता को भी उम्मीद है कि क्षेत्र में पुलिसिंग और बेहतर होगी।

