-एसडीएम ने 64 गांवों में सत्यापन के लिए बनाई टीम।
करनैलगंज-गोण्डा। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में गड़बड़ियों की शिकायतों पर प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने करनैलगंज तहसील के 64 गांवों की मतदाता सूची का सत्यापन कराने के लिए विशेष टीम गठित की है। टीम सूची में दर्ज मतदाताओं के नामों का एसआईआर अभिलेखों से मिलान कर वास्तविक स्थिति की जांच करेगी।
प्रशासन के अनुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए दिसंबर 2025 से विशेष अभियान चलाया गया था। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर सत्यापन किया, जिसके बाद अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। दावा और आपत्तियां प्राप्त होने पर उनका निस्तारण किया गया तथा संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का दो बार सत्यापन भी कराया गया। करीब पांच माह तक चले अभियान के दौरान 81,146 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद विभिन्न गांवों से लगातार शिकायतें मिलने लगीं। कई स्थानों पर ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और कोटेदार सहित अन्य पात्र मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने की शिकायत सामने आई। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने निर्धारित प्रारूप पर आपत्तियां आमंत्रित की थीं।
अब तक जिलाधिकारी के जनता दर्शन में गोंडा सदर, करनैलगंज, तरबगंज और मनकापुर तहसीलों के 48 गांवों से मतदाता सूची संबंधी शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। इन सभी मामलों को जांच के लिए संबंधित तहसीलों को भेज दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने और त्रुटियों को दूर करने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

