गोण्डा। सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन अभियान के तहत जनपद की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों मे मेले का आयोजन किया जायेगा।इस सम्बन्ध मे जानकारी देते जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मनकापुर एवं गौरा चौकी मे दिनांक 8 से 10 जुलाई तक, गोण्डा एवं नबाबगंज मे दिनांक 13 से 15 जुलाई तक तथा मैज़ापुर एवं करनैलगंज मे दिनांक 16 से 18 जुलाई 2026 तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गन्ना किसानों एवं उनके परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं से जोडना है। सचिव गन्ना समिति गोण्डा डॉ राम मिलन ने बताया कि प्रदेश के गन्ना किसानों एवं उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा,आर्थिक संरक्षण एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में जुलाई 2026 के द्वितीय सप्ताह के दौरान विशेष जागरूकता एवं नामांकन कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश गन्नाआयुक्त के स्तर से प्राप्त हुए है। इसी के क्रम मे सहकारी गन्ना विकास समिति गोण्डा मे दिनांक 13 से 15 जुलाई 2026 में मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), सहकारी गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष, इफको प्रतिनिधि एवं चीनी मिले प्रतिभाग करेगी। उन्होंने किसानो से अधिकाधिक संख्या मे मेले में उपस्थित होकर लाभ लेने का अनुरोध किया है। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सुनील कुमार शुक्ल ने बताया कि यह अभियान किसानों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से अधिकाधिक गन्ना किसानों एवं उनके परिवारों को विभिन्न बीमा, पेंशन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

