कर्नलगंज-गोण्डा। अंबाला में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पेट पालने वाला एक युवक घर लौटते समय रास्ते से लापता हो गया। 4 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर देकर युवक को बरामद करने की मांग की है।
मामला कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम सकरौरा ग्रामीण के मजरा कुन्नू पुरवा का है। यहां की निवासिनी हेमा देवी ने पुलिस को बताया कि उनका 25 वर्षीय पुत्र पिंटू अंबाला में मजदूरी करता था। 2 जुलाई 2026 की दोपहर वह काम से छुट्टी लेकर घर करनैलगंज के लिए निकला था। लेकिन 4 दिन बीत जाने के बाद भी पिंटू घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने बार-बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन लगातार बंद आ रहा है। हेमा देवी ने बताया कि उन्होंने अंबाला में भी पता किया। वहां साथ काम करने वाले लोगों ने बताया कि पिंटू 2 जुलाई को ही घर के लिए निकल चुका था। इसके बाद से वह लापता है। युवक के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मचा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें किसी अनहोनी की आशंका है। निरीक्षक अपराध अरविंद कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मोबाइल की लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों से युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे बरामद किया जाएगा।

