नवाबगंज-गोण्डा। नवाबगंज क्षेत्र के किशुनदासपुर, बैजलपुर, कोल्हमपुर, हरिवंशपुर सहित विभिन्न गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर जेठ मास के मंगलवार के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा सुंदरकांड पाठ, श्रीराम नाम जप, भंडारा एवं शरबत वितरण का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
किशुनदासपुर गांव में समाजसेवी एवं व्यापारी राहुल सिंह के नेतृत्व में बजरंगबली भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे से पूर्व श्रद्धालुओं ने श्रीराम नाम का जप किया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच छोला-पूड़ी, चावल और सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया।
वहीं कोल्हमपुर के इमाम तिराहे पर समाजसेवी सतीश उर्फ कप्तान पाठक, लल्ला मिश्रा एवं टिंकू सिंह के सहयोग से सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ सुंदरकांड पाठ किया तथा पूर्णाहुति के उपरांत श्रद्धालुओं को छोला-पूड़ी, चावल एवं सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया।
इसके अलावा शनिदेव मंदिर के निकट समाजसेवी प्रभात पांडेय एवं उनके सहयोगियों द्वारा भी श्रद्धालुओं के बीच पूड़ी-छोला का वितरण किया गया। बैजलपुर और हरिवंशपुर गांवों में भी प्रसाद एवं शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रमों में लल्ला मिश्रा,जगन्नाथ यादव, शिवप्रसाद चौबे, गब्बर, हनुमान गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।

