गोण्डा। जनपद अन्तर्गत बभनजोत ब्लॉक में चल रहे त्रि-दिवसीय जन कल्याण मेले में मंगलवार को समाधान और सम्मान के साथ समापन किया गया। तीन दिन तक चले इस जन कल्याण मेले में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही साथ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ो मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा 70 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि बभनजोत ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज पटेल ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, किसान सम्मान, आयुष्मान भारत, सहित कई योजनाओं द्वारा लोगों का विकास हुआ है। उन्होंने क्षेत्र और ब्लॉक में कराए गए विकास कार्यों पर चर्चा की l कार्यक्रम के अंत में दर्जन भर किसानों को हरी खाद और धान के बीज का निशुल्क वितरण किया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश सिंह, सीडीपीओ दुर्गेश गुप्ता, एसडीआई रियाज अहमद, समाज कल्याण की सौम्या पांडे, ए डी ओ एजी अरविंद कुमार शुक्ला, भाजपा जिला महामंत्री प्रमोद आर्य चंचल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण प्रकाश शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष शोहरत वर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

