-प्रिंस मौत मामले में 10 दिन बाद गिरफ्तारी, स्कार्पियो बरामद- नामजद मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई का इंतजार
गोण्डा-नवाबगंज। प्रिंस मौत मामले में नवाबगंज पुलिस ने करीब दस दिन बाद कार्रवाई करते हुए हत्या के मुकदमे में वांछित करनदीप पाठक पुत्र बुद्धिसागर पाठक निवासी रामापुर भगाही डिहवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो संख्या यूपी 43 एच 9500 भी बरामद की है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह के मुताबिक, आरोपी को शुक्रवार को काजीपुर गांव के सामने हैदराबाद बाजार-बस्ती जाने वाले तिराहे से गिरफ्तार किया गया। बरामद स्कार्पियो रींवा गांव से हैदराबाद जाने वाले मार्ग पर नवनिर्मित मठ के पास से मिली। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पहले सड़क हादसा बताया, बाद में दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
प्रिंस की मौत के बाद उसकी मां पूनम शर्मा की तहरीर पर कुलदीप पाठक और विकास पाठक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। परिजनों का आरोप था कि घटना को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया। शुरुआती दौर में पुलिस द्वारा मौत को सड़क दुर्घटना बताए जाने को लेकर परिजनों में नाराजगी भी सामने आई थी।
मुख्य नामजद आरोपियों पर कार्रवाई का इंतजार
हत्या के मुकदमे में नामजद कुलदीप पाठक और विकास पाठक पर अभी कार्रवाई नहीं होने से परिजन पुलिस की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, करीब दस दिन बाद हुई करनदीप पाठक की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और अन्य आरोपियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अभय सिंह, हेड कांस्टेबल संजय कुमार निषाद, कांस्टेबल विजय कुमार, महिला कांस्टेबल नीलम देवी एवं ज्योती मिश्रा शामिल रहे।

