गोण्डा । मालवीय नगर स्थित श्री झूलेलाल धर्मशाला में चल रहे झूलेलाल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सिंधी समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु झूलेलाल की आरती से हुआ। इसके बाद लालसाईं का पंजड़ा गान कर प्रभु झूलेलाल की स्तुति की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उपायुक्त, श्रम विभाग देवीपाटन मंडल सिद्धार्थ मोदियानी का सिंधी समाज के मुखिया जयरामदास लधवानी एवं राजकुमार ठक्कुर ने माल्यार्पण कर व स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक एवं परास्नातक में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले तथा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कानपुर से पधारे साईं रमेश दास जी ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
श्री आनंदपुर आश्रम से पधारे सेवक महात्मा जी ने अपने प्रवचन में कहा कि संसार नश्वर है और सभी को समय रहते ध्यान, भजन, पूजा-पाठ, दान एवं पुण्य कार्य करते रहना चाहिए।
कार्यक्रम में वृद्ध महिला सम्मान के क्रम में मीरा देवी धर्मपत्नी आसुदामल रायतानी को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट समाज सेवा के लिए रतन कालानी, रवि ठक्कुर, सुनील कुमार लधानी (गोली), किशन राजपाल एवं गुरदास ठक्कुर को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल के समक्ष पल्लव पाकर अरदास की और अपनी मनोकामनाएं रखीं।

