गोण्डा। जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर-रानीपुर पहाड़ी बंधा मार्ग पर गुरुवार को तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, किंधौरा गांव निवासी झुरहे साहू की पुत्री सरिता ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह दुर्जनपुर बाजार स्थित नेशनल कैरियर प्रगति स्किल इंडिया शिक्षण संस्थान में सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी। गुरुवार को प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रानीपुर पहाड़ी के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तरबगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
थाना तरबगंज के प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद मृतका के परिवार में शोक की लहर है। गांव में भी घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है।

