-सर्प मित्र ने सभी सांपों का किया रेस्क्यू, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस।
फोटो सहित- खुदाई के दौरान निकले 22 कोबरा के बच्चे व जानकारी देती एक महिला।
गोण्डा । करनैलगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत डैनियागंज गांव में बुधवार को जमीन की खुदाई के दौरान 1 विशाल इंडियन स्पेक्टिकल कोबरा और 22 कोबरा के बच्चे निकलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एक साथ इतनी संख्या में सांपों को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
खुदाई के दौरान खुला नाग का बिल
स्थानीय लोगों के अनुसार डैनियागंज में जमीन की खुदाई का काम चल रहा था। काफी गहराई तक खुदाई करने पर पहले एक बड़ा साइज का इंडियन स्पेक्टिकल कोबरा बाहर निकला। इसके कुछ देर बाद उसी जगह से 22 कोबरा के बच्चे भी बाहर आ गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह नागों का बिल था। सांपों को देखकर वहां मौजूद मजदूर और ग्रामीण डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सर्प मित्र ने किया रेस्क्यू, जंगल में छोड़े जाएंगे
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सर्प मित्र अरुण कुमार बाबा ने काफी प्रयास के बाद सभी 23 सांपों को पकड़कर रेस्क्यू कर लिया। उन्होंने बताया कि सभी सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
विशेषज्ञों की अपील
वन्य जीव विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात से पहले सांप बिल बनाकर अंडे देते हैं। गर्मी बढ़ने पर बच्चे बिल से बाहर निकलते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सांप दिखने पर उसे मारने के बजाय तुरंत वन विभाग या सर्प मित्र को सूचना दें। इस घटना के बाद डैनियागंज और आसपास के गांवों में लोगों में दहशत का माहौल है।

