जगह-जगह भंडारे, सुंदरकांड पाठ और प्रसाद वितरण⁷
करनैलगंज-गोण्डा। ज्येष्ठ मास के अंतिम मंगलवार पर करनैलगंज क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया। नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जगह-जगह भंडारे, सुंदरकांड पाठ, शरबत के प्याऊ और प्रसाद वितरण के आयोजन हुए। कहीं हलवा-पूड़ी का प्रसाद बांटा गया तो कहीं श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के व्यंजन परोसे गए। पूरे दिन धार्मिक आयोजनों में लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
बीआरसी परिसर में सुंदरकांड पाठ के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल और खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से पूजन-अर्चन कर किया। इस अवसर पर एसडीएम नेहा मिश्रा भी कार्यक्रम में पहुंचीं और करीब एक घंटे तक श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी शिक्षकों के साथ प्रसाद ग्रहण कर आयोजन में सहभागिता निभाई। भंडारे में खंड शिक्षा अधिकारी सीमा पांडेय, दिनेश कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार सिंह, तेज बहादुर सिंह, चितरंजन त्रिपाठी, मनोज पांडेय सहित ब्लॉक क्षेत्र के अनेक शिक्षक मौजूद रहे।
इसी क्रम में गोंडा-लखनऊ मार्ग पर ग्राम पिपरी के सामने श्रवण दुबे द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो सुबह से देर शाम तक चलता रहा। नगर के गांधी नगर मोहल्ले में समाजसेवी रंजन शुक्ला के तत्वावधान में आयोजित भंडारे का शुभारंभ पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने पूजन के साथ किया। वहीं धौरहरा चौराहे स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भी देर शाम तक भंडारा चलता रहा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

