गोण्डा। जनपद अन्तर्गत विकास खंड छपिया की ग्राम पंचायत रानीजोत स्थित मसकनवां कस्बे के महाजनी टोला की गली में चोक नालियों के कारण उत्पन्न गंभीर जलभराव की समस्या से स्थानीय व्यापारी और श्रद्धालु लंबे समय से परेशान हैं। व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्रीय विधायक को मौके पर समस्या से अवगत कराने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है और अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
महाजनी टोला स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के समीप शिव मंदिर तथा बालाजी राम-जानकी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे और बदबूदार पानी से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति न केवल जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन चुकी है, बल्कि धार्मिक आस्थाओं के प्रति भी प्रशासन की उदासीनता को उजागर कर रही है।
सर्राफा व्यवसायी राघवेन्द्र सोनी उर्फ बबलू, संजय कौशल समेत दर्जनों व्यापारियों ने जिलाधिकारी गोण्डा को ऑनलाइन शिकायत भेजकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। व्यापारियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देते रहे, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
व्यापारियों का कहना है कि यदि विधानसभा चुनाव से पहले महाजनी टोला की चोक नालियों का निर्माण एवं मरम्मत कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्रीय विधायक को आगामी चुनाव में इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। स्थानीय व्यापारियों के बीच विधायक के समर्थन को लेकर असंतोष और पुनर्विचार की चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जन आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी।

