-मोहर्रम के हुद्दा को लेकर दो समुदाय आमने-सामने, टीनशेड-बाइक में तोड़फोड़, छत से पथराव का आरोप, वीडियो वायरल।
कर्नलगंज-गोण्डा। कोतवाली कर्नलगंज के भंभुआ चौकी क्षेत्र स्थित बुढ़वलिया महीपतगंज गांव में शुक्रवार रात शोक में डूबे परिवार के दरवाजे पर मोहर्रम का हुद्दा और ढोल बजाने को लेकर दो समुदायों में जमकर टकराव हो गया। आरोप है कि मना करने पर दर्जनों लोग लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुस गए और हमला-तोड़फोड़ की। घटना में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
शोकसभा के बीच पहुंचा हुद्दा, मना करने पर भड़का विवाद
ग्रामवासी शिवा पुरुवार पुत्र रामशंकर पुरुवार ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि शुक्रवार शाम उनकी बड़ी मां सरिता देवी पत्नी बद्री प्रसाद का निधन हो गया था। घर में शोक का माहौल था और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। आरोप है कि रात करीब 9 बजे कुछ लोग मोहर्रम का हुद्दा और ढोल लेकर दरवाजे के सामने पहुंचे और तेज आवाज में बजाने लगे। परिवार ने शोक का हवाला देकर ढोल न बजाने का अनुरोध किया। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
घर में घुसकर हमला, छत से पथराव का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग लाठी-डंडों से लैस होकर घर पहुंच गए। गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। जान बचाने के लिए परिवार के सदस्य घर में घुस गए, लेकिन हमलावर अंदर तक आ धमके। आरोप है कि घर के टीनशेड, बाइक और अन्य सामान में तोड़फोड़ की गई। छत से ईंट-पत्थर भी फेंके गए। बीच-बचाव करने आए रामावती, राजन शैनी, रिंकू शैनी, लकी जायसवाल, मुन्ना मौर्य और किरन मौर्य घायल हो गए।
18 हिंदू परिवार, 100 मुस्लिम परिवार: गांव में तनाव
ग्रामीणों के मुताबिक बुढ़वलिया महीपतगंज में करीब 18 हिंदू परिवार और लगभग 100 मुस्लिम परिवार रहते हैं। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी, फोर्स तैनात
प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज नरेन्द्र प्रताप राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिली है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

