गोण्डा। करनैलगंज तहसील क्षेत्र के चारों विकास खंडों में किसानों के पंजीकरण के लिए लगाए गए फार्मर रजिस्ट्री शिविरों का सोमवार को उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने औचक निरीक्षण किया। एक साथ 53 स्थानों पर आयोजित शिविरों में करीब 1600 किसानों का पंजीकरण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ ही किसानों को पंजीकरण के महत्व से भी अवगत कराया।
उपजिलाधिकारी ने ग्राम मनिहारी, उड़िला, कटरा बाजार, करनैलगंज नगर, करनैलगंज ग्रामीण और सिकरौरा ग्रामीण में संचालित शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, पंचायत सचिव और अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद मिले। उन्होंने शिविरों में आए किसानों और ग्रामीणों से बातचीत कर फार्मर रजिस्ट्री की उपयोगिता समझाई।
एसडीएम ने कहा कि किसान पंजीकरण भविष्य में मिलने वाली सरकारी योजनाओं और सहायता का आधार बनेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय रहते अपना पंजीकरण जरूर करा लें, क्योंकि बाद में इसमें परेशानी हो सकती है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से गांव-गांव जाकर किसानों का पंजीकरण कराया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के निर्देश भी दिए।

