एसपी और डीआईजी को शिकायती पत्र देकर पीड़िता ने की कड़ी कार्रवाई की मांग।
गोण्डा। प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों के बीच गोंडा जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के सराय खत्री गांव निवासी एक महिला ने थाना वजीरगंज में तैनात एक एसआई और सिपाही पर जबरन घर में घुसने, अभद्रता, मारपीट और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक और डीआईजी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता लक्ष्मी निषाद के अनुसार, 1 जून 2026 की रात उसके भाई रामबाबू पर दुर्जनपुर चौराहे के पास गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई राहुल को भी बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान करीब 80 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
महिला का कहना है कि जब वह अपने भाइयों के साथ शिकायत लेकर थाने पहुंची तो उनकी सुनवाई नहीं हुई, बल्कि उल्टा उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
पीड़िता के मुताबिक, 9 जून की सुबह करीब 6:30 बजे थाना वजीरगंज में तैनात एसआई विकास गुप्ता और सिपाही रुपेश वर्मा कुछ पुलिसकर्मियों के साथ उसके घर पहुंचे और बिना अनुमति घर में घुसकर उसे बाल पकड़कर घसीटते हुए बाहर खड़ी गाड़ी में बैठा लिया। महिला का आरोप है कि सिर पर दुपट्टा लेने की गुहार लगाने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी एक नहीं सुनी।
शिकायती पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि वाहन में उसके दोनों ओर बैठे एसआई विकास गुप्ता और सिपाही रुपेश वर्मा ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला का आरोप है कि इस दौरान एसआई विकास गुप्ता ने गलत नीयत से उसके साथ जबरदस्ती और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई और उसे कई घंटों तक थाने में बैठाए रखा गया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि मामले के नामजद आरोपित पप्पू राजभर, जो सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष बताए जा रहे हैं, उनके प्रभाव के चलते पुलिस कार्रवाई करने के बजाय लगातार पीड़ित परिवार पर दबाव बना रही है। इससे परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता ने एसपी और डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

