-सीएमओ की अध्यक्षता में “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम की समीक्षा बैठक
गोण्डा । स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से जिले में चलाये जा रहे “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम की समीक्षा बैठक शनिवार की देर शाम को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में सीएमओ डॉ. संत लाल पटेल की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है। इसके लिए समुदाय में डायरिया के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देना अति आवश्यक है। इसके साथ ही डायरिया केस की रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर उन्होंने डायरिया रोकथाम और नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आशा कार्यकर्ताओं (डायरिया चैम्पियन) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। इन आशा कार्यकर्ताओं में शहरी क्षेत्र से शीला मिश्रा व मीरा देवी, रूपईडीह से अनीता तिवारी, पंडरीकृपाल से कुसुम मौर्य, वजीरगंज से मंजू तिवारी शामिल रहीं। चर्चा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अन्य विभागों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही नगर पालिका व पंचायत विभाग से सहयोग की भी अपेक्षा की।
समीक्षा बैठक में पीएसआई इंडिया के पंकज पाठक ने बताया कि पीएसआई इंडिया द्वारा जनपद गोण्डा के प्रमुख स्थानों पर डायरिया से संबंधित दीवार लेखन किया गया है। इसके अलावा 51 छाया ग्रामीण स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्रों का सहयोगात्मक निरीक्षण किया गया है। अब तक 1265 आशा कार्यकर्ताओं, 177 एएनएम व 43 आशा संगिनी और 769 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 30 मुख्य सेविकाओं तथा महिला आरोग्य समिति की 179 सदस्यों का डायरिया पर अभिमुखीकरण किया गया है। इसके साथ ही पीएसआई इंडिया द्वारा पिछले तीन माह के दौरान जिले में आयोजित की गयीं गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। बैठक में एसीएमओ डॉ. सी. के. वर्मा और डॉ. आदित्य, डीपीएम अमरनाथ, डीसीपीएम डॉ. आर. पी. सिंह के साथ ही पीएसआई इंडिया से अवध कुमार आदि उपस्थित रहे।

