-अहमदाबाद से लौटकर पत्नी को विदा कराने गया था ननके, 4 दिन बाद मिली लाश, कोतवाली नगर में तहरीर।
गोण्डा । जिले के इटियाथोक क्षेत्र के 27 वर्षीय युवक की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, इटियाथोक निवासी ननके (27) हाल ही में अहमदाबाद से काम करके लौटा था। बीते तीन दिनों से वह अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए सिकटिहवा गांव स्थित ससुराल में रुका हुआ था। चौथे दिन सुबह उसका शव संदिग्ध हालत में फंदे पर लटका मिला।
मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्हें ननके की मौत की सूचना पुलिस के जरिए मिली। जब वे सिकटिहवा पहुंचे तो बेटे का शव फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ननके की गला दबाकर हत्या की गई है और बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया।
घटना से आक्रोशित मृतक के पिता ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर, न्याय की गुहार लगाई है। पिता का आरोप है कि ससुराल में लगातार विवाद चल रहा था और पत्नी को विदा करने से मना किया जा रहा था।
कोतवाली नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मौत आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है।
ससुराल में दामाद की संदिग्ध मौत से इलाके में दहशत का माहौल है।

