-तय मार्ग से ही निकलें ताजिए, जरूरत भर ही रोकी जाए बिजली
करनैलगंज-गोण्डा। मुहर्रम के मद्देनजर तहसील प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। एसडीएम नेहा मिश्रा ने क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा है कि पर्व के दौरान सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया है कि मुहर्रम के जुलूस में निकाले जाने वाले अलम और ताजिए निर्धारित मानक से अधिक ऊंचे न हों। साथ ही सभी जुलूस केवल पहले से तय मार्गों से ही निकाले जाएं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
एसडीएम ने बिजली विभाग को भी निर्देशित किया है कि भीषण गर्मी को देखते हुए जुलूस के समय अनावश्यक बिजली कटौती न की जाए। केवल उसी स्थान की बिजली आपूर्ति थोड़ी देर के लिए रोकी जाए, जहां से जुलूस गुजर रहा हो, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि जुलूस के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। प्रत्येक गतिविधि की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाए, जिससे किसी अप्रिय स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध हो सके।
एसडीएम ने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर बिजली के तार नीचे हैं, वहां अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए जुलूस को सुरक्षित तरीके से निकलवाया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

