नवाबगंज-गोण्डा। क्षेत्र के हरदवा गांव में रविवार को राजस्व विभाग की टीम ने चकरोड की पैमाइश कर सीमांकन की प्रक्रिया पूरी की। राजस्व निरीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में शाम करीब छह बजे टीम गांव पहुंची और मौके पर चकमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर पक्की पैमाइश कराई।
राजस्व निरीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों की सुविधा और राजस्व अभिलेखों के अनुरूप चकमार्ग का सीमांकन किया गया है। पैमाइश पूरी होने के बाद गांव के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी तथा रास्ते को लेकर भविष्य में उत्पन्न होने वाले विवादों की संभावना भी कम होगी।
उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत मौके पर मौजूद पक्षों की उपस्थिति में पैमाइश कराई गई, जिससे चकमार्ग की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
इस दौरान लेखपाल आर.एन. बिंद, रविंद्र प्रजापति, सुरेश यादव, ग्राम प्रधान धनीराम, ग्राम सचिव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि चकमार्ग स्पष्ट होने से गांव के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा।

