-ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन: तहसील स्तर पर भवन, व पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड की भी मांग
गोण्डा । जिले में मीडिया संकुल भवन का निर्माण बजट के अभाव में अधर में लटका है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जनपद इकाई गोण्डा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मीडिया संकुल के लिए तत्काल बजट जारी करने की मांग की है।
जिला अध्यक्ष प्रदीप तिवारी के आवाहन से ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के विधि सलाहकार अधिवक्ता गौरीशंकर चतुर्वेदी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि गोण्डा जनपद मुख्यालय पर मीडिया संकुल भवन बनाने की घोषणा काफी पहले हो चुकी है। इसके लिए भूमि का आवंटन भी कर दिया गया और जिला प्रशासन ने आगणन रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी। बावजूद इसके बजट जारी न होने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
ये हैं 5 बड़ी मांगें
1. मीडिया संकुल का बजट जारी हो - घोषणा के बाद भी भवन न बनने से पत्रकारों में रोष।
2. तहसील स्तर पर मीडिया भवन - तरबगंज, करनैलगंज, मनकापुर में पत्रकारों की बैठक-कार्यक्रम के लिए भवन बनें।
3.पत्रकारों के विरुद्ध शिकायत के मामले - राजपत्रित अधिकारी से जांच हो, फिर एसोसिएशन के 3 चयनित पदाधिकारी जांच टीम में शामिल हों,दोषी पाए जाने पर ही उनके विरुद्ध कार्यवाही हो।
4. पत्रकारों को स्वास्थ्य सुविधा - मान्यता प्राप्त व गैर मान्यता प्राप्त सभी पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड व सरकारी अस्पताल में फ्री दवा मिले।
5. कार्यालय के लिए जमीन - जिला मुख्यालय पर संगठन को कार्यालय बनाने हेतु भूमि या अस्थायी भवन दिया जाए।
जिला अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने कहा, "पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, लेकिन गोण्डा में पत्रकारों के बैठने तक की जगह नहीं है। सीएम से उम्मीद है कि हमारी मांगों पर जल्द निर्णय होगा।"_
ज्ञापन देने वालों में संरक्षक उमानाथ तिवारी, संयोजक राज कुमार सिंह, महामंत्री अशोक पाठक, , मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार दूबे सहित दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे।

