-मायके वालों के हंगामे के बाद पुलिस ने भेजा शव को भेजा पोस्टमार्टम।
गोण्डा । देहात कोतवाली क्षेत्र के बेसिया चैन ग्राम पंचायत में शनिवार देर शाम बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद 24 वर्षीय विवाहिता राधा देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अपने पति पर परिवार से अलग रहने का दबाव बना रही थी। पति के इनकार और मारपीट से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद दो मासूम बेटियों के सिर से मां का साया उठ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राधा देवी पत्नी त्रिवेणी कश्यप निवासी बेसिया चैन की शादी 6 साल पहले बहराइच जिले के विशेश्वरगंज से हुई थी। राधा की दो बेटियां हैं, एक दो साल की और दूसरी महज दो महीने की। बीते 13 मई को त्रिवेणी के पिता मेवालाल का निधन हो गया था। इसके बाद से राधा पति पर दबाव बना रही थी कि वह अपनी मां, 14 वर्षीय भाई और 12 वर्षीय बहन से अलग होकर बंटवारा कर ले। लेकिन त्रिवेणी संयुक्त परिवार के साथ ही रहना चाहता था।
सुबह हुई मारपीट, शाम को लगाई फांसी
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह इसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर त्रिवेणी ने राधा की पिटाई कर दी। इससे नाराज राधा ने शाम करीब 7 बजे घर के अंदर कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी।
मायके वालों ने रोका शव, सीओ ने समझाया
घटना की सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उधर सूचना पाकर बहराइच से मृतका के मायके वाले भी आ गए। उन्होंने पति पर कार्रवाई की मांग को लेकर शव उठाने से रोक दिया। मौके पर पहुंचे सीओ नगर आनंद राय ने मायके वालों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद परिजन माने।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गोण्डा भेज दिया है। देहात कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट होगी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। दो महीने की दुधमुंही बच्ची और दो साल की बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।

