नवाबगंज-गोण्डा। नगर पालिका परिसर में करीब 53 लाख रुपये की लागत से निर्मित बैडमिंटन हॉल उद्घघाटन से पहले ही चर्चा का केंद्र बन गया। शुक्रवार सुबह कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने हॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने हॉल में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को देखा तथा खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। खिलाड़ियों ने अपने बीच सांसद को पाकर खुशी जताई और खेल सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद व्यक्त की।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह ने बताया कि सांसद के प्रयासों से नगरवासियों को आधुनिक खेल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 53 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि इसी माह के अंत में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह द्वारा इसका औपचारिक उद्घाटन प्रस्तावित है।
सांसद ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं जरूरी हैं और क्षेत्र के विकास व नगर पालिका के हितों के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर प्रहलाद सोनी, पूर्व सभासद नवाज खान, विनोद लोहिया, अभिमन्यु यादव, गुड्डू चौहान, मनोज शुक्ला, अनु कौशल, राजीव कपूर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।ļ

