-150 मीटर दूर हुई वारदात, सीसीटीवी में कैद होकर भी बेखौफ निकला चोर; पुलिस चौकी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
गोण्डा। मसकनवां पुलिस चौकी से महज 150 मीटर की दूरी पर मंगलवार सुबह दिन-दहाड़े सीमेंट व्यवसायी की बाइक चोरी होने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई और फुटेज में आरोपी युवक बाइक लेकर पुलिस चौकी के सामने से आराम से गुजरता हुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन उसे रोकने या पकड़ने में पुलिस नाकाम रही।
घटना छपिया थाना क्षेत्र के मसकनवां-बभनान रोड स्थित हरिजन कॉलोनी के पास राधेश्याम गुप्ता की सीमेंट, सरिया एवं बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के सामने हुई। दुकान के बाहर खड़ी हीरो प्रो (यूपी51 ए वाई 1627) बाइक सुबह करीब 7:37 बजे अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया। घटना के समय दुकान के अंदर लोग मौजूद थे, जबकि बाहर बाइक खड़ी थी।
कुछ देर बाद जब बाहर निकलकर देखा गया तो बाइक गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल मसकनवां पुलिस चौकी पर लिखित तहरीर दी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी राम सुरेश यादव मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर मसकनवां पुलिस चौकी के सामने से होते हुए बाजार चौराहे की ओर निकल गया। इससे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
पुलिस चौकी से मात्र 150 मीटर दूर हुई चोरी। सीसीटीवी में आरोपी स्पष्ट दिखाई देने के बावजूद बेखौफ बाइक लेकर निकल गया। चौकी के सामने से गुजरने के बाद भी आरोपी को रोकने वाला कोई नहीं मिला। बाजार क्षेत्र और कोचिंग सेंटर होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में। पुलिस अब घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी की तलाश में जुटी है।
घटना एक नजर में
स्थान: मसकनवां-बभनान रोड, हरिजन कॉलोनी के पास,समय: मंगलवार सुबह लगभग 7:37 बजे,
चोरी गई बाइक: हीरो प्रो (यूपी51 ए वाई 1627),
पीड़ित: राधेश्याम गुप्ता, सीमेंट व्यवसायी,साक्ष्य: सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद,कार्रवाई: पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू की है।
व्यापारियों में रोष
दिन-दहाड़े पुलिस चौकी के इतने करीब हुई चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब चौकी के पास ही वाहन सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और शीघ्र बाइक बरामद कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

