-विहिप नेता समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज।
गोण्डा। थाना क्षेत्र के खरगूपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट के दौरान हुई फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर विहिप नेता समेत छह लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
खरगूपुर निवासी दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि गांव के शारदाकांत पांडेय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जिस पर एसडीएम तरबगंज की ओर से धारा 145 के तहत कार्रवाई भी की जा चुकी है। आरोप है कि रविवार रात करीब 10:30 बजे विपक्षी पक्ष विवादित जमीन पर कब्जा कर निर्माण करा रहा था। सूचना पर मौके पर पहुंचे उनके पुत्र जितेंद्र पांडेय, भांजे विकास पांडेय, अभय समेत अन्य लोगों पर असलहों से फायरिंग कर दी गई।
फायरिंग में जितेंद्र, विकास और अभय समेत चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अभय को जिला अस्पताल गोंडा भेजा गया, जबकि जितेंद्र और विकास को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दिनेश कुमार पांडेय की तहरीर पर शारदाकांत पांडेय, नीरजकांत पांडेय, अमन, संतोष कुमार पांडेय, अमरकांत पांडेय और विवेक कुमार त्रिपाठी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

