गोण्डा। करनेलगज कोतवाली क्षेत्र के मुंडेरवा गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश को लेकर लगातार दिए जा रहे तानों से आहत 17 वर्षीय किशोरी ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मुंडेरवा गांव निवासी घनश्याम की पत्नी फुलवारानी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी सबसे छोटी बेटी स्वाती (17) को गांव के नन्हू, झिंगना और श्यामा देवी पुरानी रंजिश के चलते आए दिन ताने मारते थे। आरोप है कि तीनों उसकी गरीबी और शादी न होने को लेकर उसे अपमानित करते थे। उसे यह भी कहा जाता था कि उसकी उम्र काफी हो गई है, लेकिन माता-पिता उसकी शादी नहीं कर रहे हैं और आगे भी उसकी शादी नहीं करेंगे।
मां के मुताबिक, लगातार मिल रहे तानों और मानसिक रूप से परेशान किए जाने से स्वाती काफी आहत थी। शनिवार दोपहर करीब एक बजे उसने घर के अंदर फांसी लगा ली। परिजन उसे बचाने का प्रयास करते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना उप निरीक्षक अजय द्विवेदी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

