गोण्डा। नवाबगंज ब्लॉक के जैतपुर गांव स्थित जय हनुमान शिक्षण संस्थान में सोमवार को वीरांगना फूलन देवी निषाद की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ओबीसी, एससी और एसटी समाज के उत्थान, अधिकारों और सामाजिक एकजुटता पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओबीसी महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य महेंद्र सिंह लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि ओबीसी, एससी और एसटी समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने वीरांगना फूलन देवी निषाद के जीवन और संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने पिछड़े और वंचित तबकों के लिए संघर्ष किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं भीम आर्मी की प्रदेश संयोजक अमिता बौद्ध ने कहा कि फूलन देवी निषाद समाज के लिए एक आदर्श हैं और उन्होंने पिछड़े तबकों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर सामाजिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन समाजवादी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य दुर्गा प्रसाद यादव ने किया। इस मौके पर सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, दुर्गागंज गांव के प्रधान प्रतिनिधि लालजी यादव, बालकराम यादव सहित ओबीसी, एससी और एसटी समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

